शाहजहांपुर/कटरा थाना क्षेत्र में गाटा संख्या-1969 की विवादित जमीन को लेकर चल रहा पुराना विवाद शुक्रवार को एक बार फिर गरमा गया। पीड़ित प्रशांत गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि जमीन पर कब्जे के प्रयास के दौरान उनके परिवार के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से लाठी-डंडे बरामद किए हैं।
पीड़ित के मुताबिक, एक दिन पूर्व थाना कटरा और एसडीएम को शिकायती पत्र देकर विवादित जमीन पर कराए जा रहे निर्माण को रुकवाने की मांग की गई थी। आरोप है कि एसडीएम मौके पर पहुंचीं और बाद में दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत की जा रही थी। इसी दौरान थाने में सूचना मिली कि विवादित जमीन पर दोबारा निर्माण शुरू कर दिया गया है। इसके बाद विवाद बढ़ गया और पीड़ित परिवार को निशाना बनाते हुए मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया।
तहरीर में पीड़ित ने भाजपा पूर्व ब्लॉक प्रमुख नरेन्द्र गुप्ता पुत्र स्व राधेश्याम गुप्ता, सुरेन्द्र प्रकाश गुप्ता पुत्र हरनाम दास, विश्वनाथ त्रिपाठी पुत्र श्रीराम,सूरज कश्यप पुत्र मथुरा प्रसाद, आकाश कश्यप,बंटी कश्यप पुत्रगण सूरज कश्यप पर जमीन कब्जे का प्रयास करने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित का यह भी आरोप है कि इसी जमीन के विवाद में करीब तीन वर्ष पूर्व उनके भाई आलोक गुप्ता की हत्या हो चुकी है।
आज पीड़ित ने जिलाधिकारी धमेन्द्र प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सूबे के मुखिया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी न्याय गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

क्या कहना है प्रशांत गुप्ता का, सुनिए उनकी ही जुबानी।

संवाददाता रुखसार खान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Enable Notifications OK No thanks