जौनपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में महिला अध्ययन केंद्र/वूमेन सेल के तत्वावधान में “लैंगिक असमानता के प्रति जागरूकता” विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला, सम्मान समारोह तथा विश्वविद्यालय के नवनिर्मित फायरिंग रेंज में छात्राओं के लिए शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन रविवार को किया गया।
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि आज महिलाएँ प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त कर रही हैं और समाज को उन्हें उचित सम्मान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के भीतर हर परिस्थिति से संघर्ष कर आगे बढ़ने की अद्भुत क्षमता होती है। उनके विचार छात्राओं एवं उपस्थित महिलाओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायी रहे।

उन्होंने कहा कि कुलपति प्रो. वंदना सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय में इस प्रकार के प्रशिक्षण से छात्राओं में न केवल शारीरिक क्षमता का विकास होता है, बल्कि मानसिक दृढ़ता और राष्ट्र सेवा की भावना भी सुदृढ़ होती है।

इस अवसर पर कुलसचिव केश लाल तथा परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने जीवन में अनुशासन और देशभक्ति को प्राथमिकता दें, यही सच्ची देश सेवा है।

शूटिंग प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें प्रथम स्थान उजाला बिंद, द्वितीय स्थान शालिनी भारती तथा तृतीय स्थान मुस्कान मौर्य ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन स्वागत एवं विषय प्रवर्तन महिला अध्ययन केंद्र की प्रभारी डॉ. जाह्नवी श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज और शैक्षणिक परिसर में महिलाओं के प्रति लैंगिक संवेदनशीलता को बढ़ावा देना तथा छात्राओं और महिलाओं को उनके अधिकारों, अवसरों और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर शिक्षा, सामाजिक सेवा, प्रशासन, चिकित्सा, उद्यमिता, कला एवं संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 42 महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यशाला के अंतर्गत लैंगिक असमानता से जुड़े विषयों पर रोल प्ले, संवाद और सहभागितापूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में विश्वविद्यालय की छात्राओं को आत्मरक्षा और आत्मविश्वास से सशक्त बनाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय के नवनिर्मित फायरिंग रेंज में एयर रायफल से शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता 98 बटालियन एनसीसी, जौनपुर के मुख्य प्रशिक्षक सूबेदार संता बहादुर राणा, जीसीआई रुचि यादव तथा पीआई राजकुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
इस अवसर पर एनसीसी प्रभारी डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय, डॉ मनोज वत्स, श्याम तिवारी, प्रो. अखिलेश्वरी सिंह, डॉ ममता सिंह डॉ.मंजू, डॉ. संगीता, राकेश सिंह विमल श्रीवास्तव,श्रेया, मुस्कान, नंदिनी, अर्पणा, प्रतीक्षा आदि रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Enable Notifications OK No thanks