मण्डल रेल प्रबन्धक/प्रयागराज श्री रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग, प्रयागराज श्री हरिमोहन के नेतृत्व में यात्रियों को उच्च स्तरीय सेवा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं । इसी क्रम में आज दिनांक 23.02.2026 को कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर वाणिज्य विभाग द्वारा एक विशेष जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण एवं अधिकृत खाद्य एवं पेय सामग्री उपलब्ध कराने तथा अनधिकृत वस्तुओं की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से संचालित किया गया।

इस विशेष अभियान के दौरान वाणिज्य निरीक्षक कानपुर, मुख्य टिकट निरीक्षक कानपुर तथा चेकिंग स्टाफ की संयुक्त टीम द्वारा गाड़ी संख्या 12312 एवं 12307 के पैंट्री कार की सघन जांच की गई। जांच के दौरान पैंट्री कार में अनधिकृत ब्रांड के पैकेज्ड पेयजल की कुल लगभग 600 बोतलें बरामद की गईं। इनमें “एल्विस” एवं “बिसलेरी” ब्रांड नाम से उपलब्ध बोतलें शामिल थीं, जिनकी आपूर्ति नियमों के अंतर्गत स्वीकृत नहीं पाई गई।

जांच टीम द्वारा तत्काल प्रभाव से सभी 600 बोतलों को पैंट्री कार से उतारकर नियमानुसार जब्त कर लिया गया तथा उन्हें रेलवे के LPO कार्यालय में जमा करा दिया गया । रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ट्रेनों एवं रेलवे परिसरों में केवल अधिकृत विक्रेताओं द्वारा स्वीकृत ब्रांड की वस्तुओं की ही बिक्री की अनुमति है। अनधिकृत या मानक के विपरीत सामग्री की बिक्री यात्रियों के हितों के प्रतिकूल है तथा इस पर सख्त कार्रवाई की जाती है।

वाणिज्य विभाग द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के विशेष जांच अभियान चलाए जाते रहेंगे, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं प्रमाणित खाद्य एवं पेय सामग्री उपलब्ध हो सके। रेल प्रशासन यात्रियों से भी अपील करता है कि वे किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तुरंत संबंधित अधिकारी या हेल्पलाइन पर सूचित करें।

रेल प्रशासन यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं पारदर्शिता के प्रति प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी ऐसे अभियानों के माध्यम से सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करता रहेगा।

अमित कुमार सिंह
जनसम्पर्क अधिकारी
प्रयागराज मंडल, उत्तर मध्य रेलवे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Enable Notifications OK No thanks