प्रयागराज आज दिनांक 11 फरवरी, 2026 को मंडल रेल प्रबंधक/प्रयागराज, श्री रजनीश अग्रवाल द्वारा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं परिचालन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए टूंडला-इटावा रेल खंड का निरीक्षण यान से व्यापक विंडो-ट्रेलिंग निरीक्षण किया गया । इस विंडो-ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि संरक्षा से जुड़े सभी मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया । इस अवसर पर उप मुख्य यातायात प्रबंधक/टूंडला, श्री अमित आनंद; मण्डल इंजीनियर-III, श्री अंकित गुप्ता सहित अन्य अधिकारी, सुपरवाइज़र एवं निरीक्षक उपस्थित रहे ।

उल्लेखनीय है कि विंडो-ट्रेलिंग निरीक्षण भारतीय रेल का एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावी निरीक्षण माध्यम है, जिसके अंतर्गत चलती ट्रेन/निरीक्षण यान की खिड़की से रेल पथ तथा उससे जुड़े प्रतिष्ठानों जैसे सिग्नल, ओएचई, प्लेटफॉर्म एवं समपार फाटकों की स्थिति का सूक्ष्म अवलोकन किया जाता है । इस दौरान स्टेशनों की स्वच्छता, यात्री सुविधाएं, परिचालन की समग्र स्थिति, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग पर सवारी की गुणवत्ता, ट्रैक ज्योमेट्री इंडेक्स (TGI), ओएचई की स्थिति, समपार फाटकों की सुरक्षा, बैलास्ट की स्थिति, सिग्नल दृश्यता तथा सिग्नल बॉक्स की स्थिति जैसे महत्वपूर्ण मानकों की गहन समीक्षा की जाती है ।

‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत विकसित किए जा रहे इटावा जंक्शन एवं शिकोहाबाद जंक्शन के निर्माणाधीन स्टेशन भवन के सिविल कार्यों, संरचनात्मक प्रगति, यात्री सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों तथा निर्माण गुणवत्ता का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, प्रवेश-निकास द्वार, फुट ओवर ब्रिज, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएँ, शौचालय, जल निकासी व्यवस्था तथा अग्नि सुरक्षा से संबंधित प्रावधानों की समीक्षा की। साथ ही स्टेशन परिसर के सौंदर्यीकरण, स्थानीय संस्कृति एवं विरासत को प्रदर्शित करने वाले डिज़ाइन तत्वों पर भी विशेष ध्यान दिया । स्टेशन निरीक्षण के दौरान यात्रियों से भी संवाद स्थापित किया गया तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना गया । निरीक्षण के दौरान इटावा स्टेशन पर मीडिया कर्मियों से भी बातचीत की ।

मण्डल रेल प्रबन्धक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएँ तथा गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक स्टेशन उपलब्ध कराना है, जिसमें विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ-साथ स्थानीय आवश्यकताओं का भी समावेश हो । स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए संकेतक बोर्ड, डिजिटल सूचना प्रणाली, स्वच्छता व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा पार्किंग सुविधा को प्रभावी ढंग से विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए कार्यों के चरणबद्ध निष्पादन की समीक्षा की और आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी दिए ।

निरीक्षण के समापन पर मण्डल रेल प्रबंधक ने कहा कि रेलवे का उद्देश्य केवल सुरक्षित संचालन ही नहीं, बल्कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी कमियों को शीघ्र दूर करने एवं निरंतर सुधार की प्रक्रिया जारी रखने के निर्देश दिए ।

अमित कुमार सिंह
जनसंपर्क अधिकारी
प्रयागराज मण्डल, उत्तर मध्य रेलवे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Enable Notifications OK No thanks